बिहार के 23 जिलों से अब तक नहीं आई शिक्षक भर्ती की रिक्तियां , दिसंबर में होने वाली थी BPSC TRE - 4 की परीक्षा

बिहार के 23 जिलों से अब तक नहीं आई शिक्षक भर्ती की रिक्तियां , दिसंबर में होने वाली थी BPSC TRE - 4 की परीक्षा 
चर्चित इंडिया न्यूज़ / विजय कुमार चौधरी ( पटना ) स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर बहाली में देरी तय है। कारण है कि शिक्षा विभाग को अब भी राज्य के 38 जिलों में से 15 से ही कक्षा एक से 12 तक में शिक्षकों की रिक्ति मिली है। सभी जिलों से रिक्ति नहीं आने से विद्यालय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई 4) आयोजन की तिथि भी तय नहीं हो पा रही है। अब तक 23 जिलों से शिक्षकों के खाली पड़े पदों की जानकारी विभाग तक नहीं पहुंच पाई है। सरकार ने दिसंबर महीने में बीपीएससी टीआरई 4 परीक्षा का आयोजन करने की बात कही थी, लेकिन साल खत्म होने को है और अभी तक रिक्त पदों की संख्या पता नहीं चल पाई । 

रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण, शिवहर, पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका और गया सहित 15 जिलों ने ही शिक्षकों की वैकेंसी मुख्यालय को भेजी है। सभी जिलों से रिक्ति मिलने और रोस्टर क्लियरेंस के बाद ही विद्यालय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई 4) के लिए रिक्ति बीपीएससी को भेजी जाएगी। दरअसल, राज्य में 78 हजार प्रारंभिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों की सूचना मांगी जा रही है। इसके लिए शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने जिलों को पत्र सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिक्ति मांगी है। 

पिछले दिनों शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने रिक्ति नहीं भेजने वाले जिलों के अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी थी। इसके बाद भी वैकेंसी नहीं मिल रही है। इसके पहले 21 सितंबर को तत्कालीन शिक्षा मंत्री ने प्रेस वार्ता कर बताया था सितंबर अंत तक रिक्ति बीपीएससी को चली जाएगी। शिक्षा विभाग ने टीआरई 4 में संभावित रिक्ति 26 हजार बतायी थी। यह भी कहा गया था कि टीआरई 4 दिसंबर तक हो जाएगी। इसके बाद टीआरई 5 अगले वर्ष 2026 में आयोजन की बात कही थी।

इसके पहले सभी विषयों की एसटीईटी करा कर 16 नवंबर को रिजल्ट जारी करने की बात कही गई थी। लेकिन अभी विभिन्न विषयों के लिए एसटीईटी (माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा) आयोजित की गई। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार विभिन्न जिलों से कक्षा एक से 12 तक लगभग एक लाख शिक्षकों की रिक्ति आने की संभावना है। शिक्षक नियुक्ति दो चरणों में होगी।

Comments

Popular posts from this blog

हसनपुर से बिथान रेलखंड निरीक्षण के दौरान डीआरएम का सम्मान , यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग

हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि बनाए गए शिवनारायण यादव उर्फ बऊआ यादव

मिथिला पीठाधीश्वर जगदगुरु मुरारी शरणाचार्य जी का निधन